लक्ष्मीपुर एकडंगा के प्रधान को कारण बताओ नोटिस, परफॉर्मेंस ग्रांट के दुरुपयोग का आरोप

महराजगंज। जिले के सिसवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा के ग्राम प्रधान अमेरिका को वित्तीय अनियमितता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर जारी हुआ है।

मामला 14वें वित्त आयोग की परफॉर्मेंस ग्रांट से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान द्वारा देबर टोला में मिट्टी भराई कार्य के लिए परफॉर्मेंस ग्रांट से ₹3,80,557 की धनराशि का भुगतान किया गया, जबकि गाइडलाइन के अनुसार इस निधि का उपयोग केवल उन्हीं कार्यों में किया जा सकता है जिन्हें जनपद स्तरीय समिति से स्वीकृति एवं राज्य स्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त हो।

अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमोदन के भुगतान करना गंभीर वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। नोटिस में प्रधान को निर्देश दिया गया है कि वे अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करें।

इसी मामले में पूर्व में ग्राम पंचायत सचिव पवन गुप्ता को भी निलंबित किया जा चुका है। प्रशासन का मानना है कि पंचायत निधि के दुरुपयोग में सचिव की भूमिका भी संदिग्ध रही है, जिसके चलते उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।

नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो ग्राम प्रधान के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धारा 95(1)(छ) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई जिला प्रशासन की उस सख्त पहल का हिस्सा है, जिसके तहत पंचायत निधियों के दुरुपयोग और गाइडलाइन उल्लंघन के मामलों की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की जा रही है।

ज्ञात हो कि यूपी समाचार प्लस लगातार लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव की भ्रष्टाचार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com